
गुरुवार सुबह गुजरात के अहमदाबाद शहर में एक बड़ा हादसा हुआ। टेकऑफ के दौरान एक विमान क्रैश हो गया। हादसा मेघानी नगर के पास हुआ, जो कि एक घनी आबादी वाला इलाका है। चश्मदीदों के मुताबिक, विमान के गिरते ही आसमान में धुएं का बड़ा गुबार देखा गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में 133 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करवाना शुरू कर दिया है। इस हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। डीजीसीए और एयरफोर्स की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितनी जनहानि हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने घटना पर चिंता जताई है और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

