बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने भारत से नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि भारत में शरण लिए बैठीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार बांग्लादेश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। यूनुस के अनुसार, शेख हसीना के ऑनलाइन भाषणों से बांग्लादेश में गुस्सा भड़क रहा है।

लंदन के चैथम हाउस में यूनुस ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हसीना के बयानों पर रोक लगाने का आग्रह किया था, लेकिन पीएम मोदी ने जवाब दिया कि सोशल मीडिया को नियंत्रित नहीं किया जा सकता। यूनुस ने कहा कि भारत को हसीना को बांग्लादेश प्रत्यर्पित करना चाहिए, इस संबंध में कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भारतीय मीडिया पर भी यूनुस ने निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह गलत सूचना फैला रहा है, जिससे दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ सकता है।

