
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कर्नाटक में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। धारवाड़ की डिप्टी कमिश्नर दिव्या प्रभु ने 13 जून को सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। IMD के अनुसार 17 जून तक राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। धारवाड़ के हुबली, कोडागु, चिकमंगलूर और शिवमोगा जिलों में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। तुपरी झील के बढ़ते पानी से यमनूर गांव में एक परिवार फार्महाउस में फंस गया, जिनका रेस्क्यू जारी है। गडग ज़िले में बारिश से नदी पुल पर जलभराव हुआ, जिससे रोन-नारगुंड सड़क बंद हो गई। हुबली शहर के कई इलाकों में जलभराव और पेड़ों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

