एक तरफ गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल की सैन्य कार्रवाई जारी है, तो दूसरी ओर अब इजरायल ने हिजबुल्लाह पर भी बड़ी कार्रवाई की है। इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिजबुल्लाह के ड्रोन निर्माण केंद्रों को निशाना बनाते हुए आठ इमारतों पर सटीक हवाई हमले किए हैं। इजरायली सेना का दावा है कि हिजबुल्लाह ईरान के सहयोग से हजारों ड्रोन तैयार कर रहा है, जिनका इस्तेमाल इजरायल पर हमलों में किया गया है।

सेना ने कहा कि ये ड्रोन भविष्य में बड़े पैमाने पर युद्ध के लिए तैयार किए जा रहे हैं और यही कारण है कि इस पूरे नेटवर्क को खत्म करना जरूरी हो गया था। हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच टकराव पिछले साल 8 अक्टूबर से जारी है, जब गाजा में हमास के समर्थन में हिजबुल्लाह ने सीमा पार से रॉकेट दागे थे। तब से लेबनान में चार हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। गाजा में भी बमबारी तेज इधर, गाजा के खान यूनिस में इजरायली हमलों में कम से कम 10 फलस्तीनी मारे गए हैं। गाजा शहर के अल-अहली अस्पताल पर हमले में तीन स्थानीय पत्रकारों की मौत की खबर भी सामने आई है। इजरायल ने साफ किया है कि जब तक आतंक के अड्डों को खत्म नहीं कर दिया जाता, तब तक ये सैन्य अभियान जारी रहेगा।

