
पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की एक और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। कराची के डिफेंस सोसाइटी इलाके में एक हिंदू युवक सुधीर धुन राज को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसकी बाइक एक कारोबारी की कार से छू गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान के बड़े मीडिया उद्यमी सलमान फारूक खुद सुधीर को पकड़कर रखते हैं और उनके सुरक्षा गार्ड युवक को थप्पड़ मारते नजर आते हैं। सबसे दर्दनाक दृश्य तब सामने आता है, जब सुधीर की बहन कल्पना हाथ जोड़कर भाई को छोड़ने की गुहार लगाती है, लेकिन सलमान फारूक और उनके गार्ड बेरहमी से पिटाई करते रहते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तान पुलिस हरकत में आई और सलमान फारूक को गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उनके खिलाफ हत्या की धमकी, शारीरिक हमले और महिला के साथ दुर्व्यवहार की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ये घटना एक बार फिर यह सवाल उठाती है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर हिंदुओं की सुरक्षा आखिर कहां है?

