कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना नसेज गुमटी के पास एनएच-19 पर सड़क पार करने के दौरान हुई, जहां ट्रक की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव निवासी आनंद कुमार पटेल की 32 वर्षीय पत्नी रितुमभरा कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रितुमभरा दो दिन पहले ही अपने मायके कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज गांव आई थी। गुरुवार की सुबह उसके पिता कन्हैया सिंह उसे इलाज के लिए बनारस ले जा रहे थे। इसी दौरान नसेज गुमटी के पास एनएच-19 पार करते समय वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने महिला के शव

को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद मृतका के मायके और ससुराल दोनों जगह मातम पसरा हुआ है। रितुमभरा अपने पीछे दो छोटी बच्चियों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता कन्हैया सिंह ने बताया कि उनकी बेटी इलाज के लिए बनारस जा रही थी, लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया। वहीं,मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

