लद्दाख के द्रास क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां मारपूचू इलाके में एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए द्रास नदी में जा समाया। यह हादसा मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई है,

जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

