रांची में मुख्यमंत्री Hemant Soren ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें जेपीएससी से चयनित खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम के तहत विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ये नियुक्तियां झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की

दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नियुक्तियां कर रही है, ताकि युवाओं को रोजगार मिले और जनसेवाएं अधिक प्रभावी बन सकें। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था को राज्य के समग्र विकास की आधारशिला बताया।

