संथाल परगना दौरे के अंतिम दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ समाहरणालय सभागार में पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR कार्यक्रम की प्रगति और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पीवीटीजी वर्ग के मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ईआरओ और एईआरओ की

भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में नए मतदाताओं के पंजीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में तीनों जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

