हजारीबाग-प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर निगम सभागार में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर अरविंद राणा, नगर उप आयुक्त ज्योति कुमार सिंह, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर लाभुकों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़ने, समय पर ऋण चुकाने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक जून 2020 को शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे जून माह को स्वनिधि महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान जिले के विभिन्न बैंकों की ओर से 50 से अधिक फुटपाथ विक्रेताओं को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं छोटे दुकानदारों एवं सिलाई-कढ़ाई कार्य से जुड़ी महिलाओं के बीच करीब 10 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले लाभुकों को सम्मानित करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए उपहार भी प्रदान किए गए। योजना के सफल क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र तथा पंजाब नेशनल बैंक की शाखाओं को नगर निगम की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बैंकों के सहयोग से अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर लोक कल्याण मेले का भी आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से विभिन्न वार्डों एवं बैंक शाखाओं में विशेष शिविर लगाकर लोगों को पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई तथा नए लाभुकों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया गया। मेयर अरविंद राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ विक्रेताओं के लिए वरदान साबित हुई है। इससे हजारों छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान चलाता रहेगा। कार्यक्रम में नगर मिशन प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता (सीओ), सीआरपी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता उपस्थित थे।
