जिले में आयोजित एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के बेहतरीन अवसर मिले। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर द्वारा आयोजित इस मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में कुल 530 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 23 निजी कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाओं के बाद 134 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया। वहीं 258 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि पहली नौकरी युवाओं के करियर की मजबूत नींव होती है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

