राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार को पश्चिम बर्दवान के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया तथा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी कर्मियों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद उनकी सेवा सुरक्षा, वेतनमान और स्थायी नियुक्ति संबंधी मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने

‘समान कार्य के लिए समान वेतन’, स्थायीकरण तथा पूर्ण कर्मचारी का दर्जा देने की मांग दोहराई। कर्मियों का कहना है कि जिले में लगभग 1065 एनएचएम कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें अब तक उचित सुविधाएं और अधिकार नहीं मिले हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों के इस कदम से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।

