ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस विभाग ने रायगड़ा के ग्रामीण विकास विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रसन्न कुमार पटनायक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अधिकारी 30 जून को रिटायर होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही विजिलेंस के जाल में फंस गए। जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने शिकायत की थी कि करीब 50 लाख रुपये के लंबित बिलों के भुगतान और वर्क एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट जारी करने के बदले इंजीनियर ने 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

बाद में यह रकम 2 लाख रुपये पर तय हुई। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी में 5.39 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं भुवनेश्वर स्थित उनके आलीशान मकान में छत पर बना स्विमिंग पूल भी जांच एजेंसियों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

