हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी कर्मचारियों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और यूनियन के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही, जिसके बाद यूनियन ने 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशव्यापी बस हड़ताल का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि करीब 100 करोड़ रुपये के लंबित भत्तों का भुगतान अब तक नहीं हुआ है।

साथ ही वे समय पर वेतन, महंगाई भत्ते का बकाया, नाइट ओवरटाइम और मेडिकल बिलों के भुगतान की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, सरकार ने सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए छह महीने के लिए आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम यानी ESMA लागू कर दिया है। सरकार ने साफ किया है कि हड़ताल या परिवहन सेवाओं में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस घटनाक्रम से प्रदेश में हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

