सदर प्रखंड के गोपीनाथपुर में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल के नेतृत्व में महिलाओं एवं बच्चियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकार एवं समाज में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने कहा कि एक जागरूक, शिक्षित और सशक्त महिला ही परिवार, समाज और देश के विकास की मजबूत नींव होती है। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों से शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। जिप सदस्य ने कहा कि आज भी कई महिलाएं अन्याय, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का सामना

करती हैं एवं सामाजिक दबाव के कारण आवाज़ नहीं उठा पाती हैं। महिलाओं को डरने या चुप रहने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठानी चाहिए तथा कानून और समाज का सहयोग लेना चाहिए। बैठक में महिलाओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का संदेश दिया गया। बच्चियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं है। अवसर मिलने पर महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अन्याय सहन न करने तथा आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने की अपील की।

