मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति और विधि-व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी समुदायों से भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीजे और प्री-रिकॉर्डेड भड़काऊ गीतों के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर थाना सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और पर्व को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं।

