हजारीबाग में बेहतर जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। छड़वा डैम के निरीक्षण के बाद महापौर अरविन्द कुमार राणा और नगर निगम आयुक्त ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव और जलापूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहरवासियों को नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके लिए जलापूर्ति तंत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं डैम के गेटों की मरम्मत और तकनीकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों को सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और कहीं भी कचरा जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने यह भी बताया कि अमृत योजना के तहत चल रही जलापूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि शहर के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके।

