भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को कमजोरी का माहौल देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत से ही बाजार दबाव में रहा और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। बीएसई सेंसेक्स करीब 181 अंक टूटकर 76,912 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 47 अंक की गिरावट के साथ 24,055 पर कारोबार करता दिखा। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर पर रहा। इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट

दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। वैश्विक स्तर पर टेक्नोलॉजी सेक्टर को लेकर बनी अनिश्चितता का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया। हालांकि गिरते बाजार में अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड और एनटीपीसी जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। वहीं बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर के कुछ शेयर भी दबाव में रहे, जिससे बाजार की चाल कमजोर बनी रही।

