विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर अंचल कार्यालय एवं नगर परिषद कार्यालय में उपायुक्त की अध्यक्षता में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों का संकलन, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में त्रुटियों के संशोधन से

संबंधित प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण दिया गया। उपायुक्त ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि ASDD श्रेणी के मतदाताओं की पहचान कर सूची का सत्यापन राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति में कराया जाएगा। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेज और सूचनाएं निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

