दिनांक 21/06/2026 को धनबाद में एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जहां डीएमसी मॉल परिसर में आमोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आम के विभिन्न प्रकारों के स्टॉल लगाए गए, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान, उद्यमी और आमजन उपस्थित रहे। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य किसानों को उनके उत्पादों के लिए

बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। आमोत्सव में देशी से लेकर खास किस्म के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आम की अलग-अलग प्रजातियों के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजन को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश भी दिया और सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। धनबाद में आयोजित यह आमोत्सव किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

