मेरा युवा भारत (MY Bharat) हजारीबाग और संत कोलंबा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। हजारीबाग स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों और प्राध्यापकों ने भाग लिया।

इस वर्ष की थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” के तहत प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास का माध्यम है। वहीं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी देवेंद्र कुमार ने युवाओं में अनुशासन और समाज सेवा की भावना विकसित करने में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

