21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका) पहुंचकर परीक्षा केंद्र की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था और प्रवेश-निकास प्रबंधन समेत सभी आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय

रहें और उनकी लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में होना चाहिए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

