धनबाद से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF ने खुद को डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवकों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाथरडीह के भाटडीह निवासी मंटू कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये वसूलता था। वर्द्धमान और जमुई के कई युवकों से उसने अलग-अलग रकम ठगी की।

मामले का खुलासा तब हुआ जब वह एक युवक को लेकर डीआरएम कार्यालय पहुंचा और उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। सूचना मिलने पर RPF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

