रानीगंज के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र के समीप देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 16 चक्का डंपर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पीछे डंपर ने तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना अंतर्गत पंजाबी मोड़ पुलिस चौकी, ट्रैफिक पुलिस तथा राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। केबिन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण चालक को बाहर निकालने में

काफी कठिनाई हुई। बाद में क्रेन की सहायता से उसे सुरक्षित बाहर निकालकर गंभीर अवस्था में आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर बिना किसी चेतावनी संकेत, इंडिकेटर अथवा पार्किंग लाइट के अंधेरे में खड़ा था, जिसके कारण डंपर चालक उसे समय रहते देख नहीं सका और दुर्घटना का शिकार हो गया। बताया जाता है कि हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, अन्य वाहन चालकों ने ट्रेलर का पंजीकरण नंबर नोट कर पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

