भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो-1 अंतर्गत वार्ड संख्या-5 के एबी पिट मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जामुड़िया-चांदा मुख्य मार्ग पर आयोजित इस सेवा कार्य का लाभ बड़ी संख्या में राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों, टोटो चालकों, साइकिल सवारों तथा स्थानीय लोगों ने उठाया।कार्यक्रम के संबंध में भाजपा मंडल-4 के उपाध्यक्ष सनी सिंह ने बताया कि पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कार्यसूची के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भीषण गर्मी को देखते हुए

एबी पिट भाजपा इकाई की ओर से शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि राहगीरों को कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा को भी प्राथमिकता दे रही है। आगामी दिनों में वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए फुटबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा अन्य सामाजिक कल्याणकारी गतिविधियां भी बड़े पैमाने पर आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर विशाल सिंह, जगबहादुर पासवान, अजय राजवंशी, विक्की नोनिया, तुषार बहादुर, बिनोद नोनिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

