झारखंड में दो दिनों तक कमजोर रहने के बाद मॉनसून फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 जून को रांची समेत कई जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 19 जून से रांची सहित 17 जिलों में मौसम और बिगड़ सकता है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की

रफ्तार से आंधी, वज्रपात और रुक-रुक कर बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मॉनसून कमजोर पड़ने से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची में 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 22 जून तक राज्य में बारिश और मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं।

