भारत ने अपनी रक्षा क्षमता को और मजबूत करते हुए लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल यानी LRLACM का सफल उड़ान परीक्षण किया है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, DRDO ने इस मिसाइल का परीक्षण ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अपने सभी मिशन उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

करीब 1500 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम यह मिसाइल रडार से बचते हुए बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भर सकती है। इसकी खासियत यह है कि यह हवा में मंडराकर सही समय का इंतजार करती है और लक्ष्य की पुष्टि होते ही सटीक हमला करती है। मिसाइल में अत्याधुनिक गाइडेंस, नेविगेशन और टर्मिनल सीकर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि पर DRDO और उद्योग साझेदारों को बधाई दी है।

