ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह दुर्घटना भस्मा थाना क्षेत्र के कैंतरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झारसुगुड़ा से सुंदरगढ़ जा रहा एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से

उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की लपटों ने दोनों ट्रकों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों चालक ट्रकों के अंदर फंसे होने के कारण दम तोड़ चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

