देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं अचानक तेज हवाएं और बारिश जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। इसी बीच दिल्ली-एनसीआर में भी हाल ही में तेज आंधी दर्ज की गई। इस बीच राजस्थान के चूरू से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक विशाल धूल भरी आंधी शहर को अपनी चपेट में लेती दिखाई दे रही है। चारों ओर धूल का गुबार इतना घना है कि दृश्यता लगभग खत्म हो गई और छोटे-छोटे घर भी उसमें ढकते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों

में देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और मध्य भारत के कई राज्यों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। फिलहाल मौसम विभाग लगातार बदलते मौसम पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

