बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे के बाद लोगों की संवेदनहीनता ने सभी को हैरान कर दिया।
गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक के पास NH-27 पर आम से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मधुबनी के रहने वाले आम कारोबारी अजय पासवान और उनकी पत्नी संतरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर घायल दंपति तड़पते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ उनकी मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आम लूटने में जुट गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग आम बटोरते नजर आ रहे हैं।

पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान कारोबारी अजय पासवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।

