चिकित्सकीय लापरवाही से हुई महिला की मृत्यु पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने संबंधित पदाधिकारी को लगाया फटकार स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है – विधायक प्रदीप प्रसाद हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने आज हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर सदर प्रखंड के चोरहेता निवासी रोहित राम जी के परिजनों से मुलाकात की तथा उनकी पत्नी सुषमा कुमारी के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। जानकारी के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान सुषमा कुमारी को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन के माध्यम से शिशु का सफलतापूर्वक जन्म कराया गया, किंतु उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने इस घटना के लिए चिकित्सकीय लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। इस दुखद घटना पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने गहरा दुःख

व्यक्त करते हुए कहा कि एक नवजात शिशु के जन्म की खुशी का पल अचानक मातम में बदल जाना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण यह घटना हुई है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदीप प्रसाद ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं तथा हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

