खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने एवं साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के बैंक कॉलोनी में खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, जिला खेलकूद पदाधिकारी राहुल कुमार, पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु शेखर गांगुली, उपाध्यक्ष सुजीत विद्यार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ पाल, एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष जयदेव कुमार ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बालिकाओं, खिलाड़ियों एवं दर्शकों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के परिणाम क्रमशः सब जूनियर बालिका वर्ग में प्रथम-कल्याणी सरकार, द्वितीय-अंकिता मंडल, तृतीय-साक्षी कुमारी पासवान, जूनियर बालिका वर्ग में प्रथम – सुधा कुमारी द्वितीय – आशा हांसदा तृतीय – लक्ष्मी भगत विश्व साइकिल

दिवस के अवसर पर जिले के बालक खिलाड़ियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सभी सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बालक-बालिकाओं में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब छोटे शहरों में भी इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नगर परिषद हमेशा सहयोग के लिए तत्पर है। पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव पंकज अग्रवाल, प्रवीण कुमार, अक्षय बावरी, जगबंधु दास, नारायण चंद्र रॉय, अनिल भगत, अज्जू मंडल, रोहित कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

