हजारीबाग जिले के ईचाक प्रखंड स्थित परासी गांव के गोहाई पोखर उर्फ राजा पोखर की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पोखर के आसपास कुछ दुकानों के संचालन को लेकर सार्वजनिक भूमि के उपयोग और अतिक्रमण की चर्चा है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से स्थल निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करने और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा तालाब परिसर में फैली गंदगी और सड़क किनारे टेंपो व अन्य वाहनों के खड़े होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अलग टेंपो स्टैंड बनाने का सुझाव भी दिया है। लोगों का कहना है कि छठ महापर्व समेत कई धार्मिक आयोजनों का केंद्र होने के कारण राजा पोखर की स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन बेहद जरूरी है।

