पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में सरकारी राहत सामग्री के कथित दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। धनियाखाली थाना पुलिस को मिली एक लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोटालपुर इलाके में छापेमारी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंबल, बेडशीट, डस्टबिन, फुटबॉल समेत अन्य सरकारी राहत सामग्री को अवैध रूप से एक परिसर में जमा कर रखा गया है और वहां से उनकी ढुलाई की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सरकारी राहत सामग्री बरामद कर जब्त कर ली। मामले में दो

आरोपियों, चित्तरंजन मंडल और हरिपदा मलिक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए 10 दिन की रिमांड की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सरकारी राहत सामग्री को किस उद्देश्य से जमा किया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

