धनबाद के बाघमारा क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जमुआटाँड स्थित हरिणा मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात हाईवा और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान खोनाठी निवासी सौरव कुमार और धनबाद के निशांत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में सौरव कुमार ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए हाईवा चालक की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त निगरानी जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दुखद घड़ी में विधायक ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा भी दिया।

