धनबाद में फेडरेशन ऑफ जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और अपराध पर रोक पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया

कि धनबाद के प्रमुख क्षेत्रों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम भी शुरू किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर कैमरे लगाने की अपील की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया जाएगा। ऑटो-टोटो चालकों की लापरवाही पर विशेष अभियान चलाने की भी बात कही गई। व्यापारियों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की और जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने पर संतोष जताया।

