झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने इस बार समय से पहले दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मॉनसून बंगाल की खाड़ी से होते हुए संताल परगना के रास्ते राज्य में प्रवेश कर चुका है और जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम के कई हिस्सों को कवर कर लिया है। यह पिछले साल की तुलना में करीब पांच दिन पहले है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 72 घंटों में मॉनसून राज्य के बाकी हिस्सों में भी

फैलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियां इसके आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं। इस बीच प्री-मानसून बारिश भी जारी है और चाकुलिया में पिछले 24 घंटे में 92.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 13 जून के लिए 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाओं, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

