उत्तर प्रदेश के Ghaziabad के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित हिंडन विहार में एक केमिकल और इंक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल का भंडारण होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को दूर-दूर तक देखा गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। साथ ही दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास की इमारतों और अन्य संपत्तियों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

