उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में SDRF की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। छत्तीसगढ़ के 77 वर्षीय श्रद्धालु चंद्रहास सिंह गंगोत्री घाट पर स्नान कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे नदी के तेज बहाव में बहने लगे। गनीमत रही कि श्रद्धालु ने SDRF द्वारा पहले से लगाए गए सुरक्षा रोप को पकड़ लिया, जिससे वह बहाव में खुद को संभाल सके। घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात SDRF जवान नवीन पोखरिया बिना देर किए नदी में उतर गए।

सुरक्षा उपकरणों और रोप की मदद से उन्होंने श्रद्धालु तक पहुंच बनाई और उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। इस साहसिक रेस्क्यू के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने SDRF टीम की जमकर सराहना की। SDRF अधिकारियों ने भी जवान नवीन पोखरिया की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई को जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।

