ओडिशा के बरगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को उसका दोस्त मृत समझकर सुनसान कुएं में फेंककर फरार हो गया। लेकिन चार दिन बाद वही युवक जिंदा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, पद्मपुर उपखंड के पुरेना गांव निवासी तुलसीराम बरिहा पर उसके दोस्त ने कथित तौर पर हमला किया था। हमले के बाद आरोपी को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है, इसलिए उसने उसे एक सुनसान कुएं में फेंक

दिया। गंभीर रूप से घायल तुलसीराम चार दिनों तक बिना भोजन और पानी के कुएं में फंसा रहा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। गुरुवार को एक ग्रामीण को कुएं से “भगवान-भगवान” की आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तुलसीराम को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने आरोपी दोस्त को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

