दक्षिण-पश्चिम मानसून भले ही अभी 72 से 84 घंटे दूर हो, लेकिन झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल चुका है। गुरुवार को राजधानी रांची में दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान रांची में लगभग 41 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। आंधी के कारण शहर में कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। वहीं जमशेदपुर और

चाईबासा में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 12 जून के लिए रांची सहित 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 13 जून को भी कई जिलों में आंधी और बारिश का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

