अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा कदम उठाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का ऐलान किया है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने चेतावनी दी है कि अब कोई भी तेल टैंकर या कारोबारी जहाज इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करेगा तो उसे निशाना बनाया जा सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति इसी रास्ते से होती है। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर और यूएई जैसे खाड़ी देशों का अधिकांश तेल और गैस इसी मार्ग से वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है।

इस घटनाक्रम ने भारत की चिंता भी बढ़ा दी है, क्योंकि भारत के तेल और एलपीजी आयात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर आता है। वहीं ईरानी मीडिया के अनुसार, नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए दो जहाजों को निशाना भी बनाया गया है। इस घोषणा के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है।

