घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसी दबाव के चलते बीएसई सेंसेक्स 367 अंकों की गिरावट के साथ 73,615 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 110 अंक टूटकर 23,104 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले, जबकि केवल 4 शेयरों में बढ़त देखने को मिली। पावर ग्रिड का शेयर सबसे

ज्यादा 1.03 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एचसीएल टेक के शेयर में सबसे बड़ी 2.48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी-50 में भी सिर्फ 8 शेयर बढ़त के साथ खुले, जबकि 42 शेयरों में गिरावट रही। इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील और टीसीएस समेत कई दिग्गज शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। बाजार पर वैश्विक तनाव का असर साफ दिखाई दे रहा है।

