पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांचरापाड़ा स्थित हरनेट इंग्लिश मीडियम स्कूल के लंबे समय से बंद एक कमरे में पुलिस ने छापेमारी कर 1 करोड़ 77 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर बीजपुर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई की। कमरे में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिली कि उसकी गिनती के लिए तीन मशीनें मंगानी पड़ीं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे तक नोटों की गिनती पूरी हुई।
मामले में स्कूल के कैशियर अविक नाथ और असिस्टेंट अकाउंटेंट सायन घोष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों नकदी के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

हालांकि स्कूल के प्रिंसिपल का दावा है कि यह रकम छात्रों के एडमिशन और किताबों की फीस की है, जिसे अभी बैंक में जमा नहीं कराया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

