ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों की हैरान कर देने वाली करतूत सामने आई है। बुधवार रात कुछ दबंग हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा पहुंचे और बिना टोल दिए करीब एक दर्जन गाड़ियों को जबरन निकाल लिया। जब कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने बूम बैरियर तोड़ दिया और टोलकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित कर्मचारी लोकमान सिंह के मुताबिक, विरोध करने पर दबंगों ने उसका करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया। उसे गिराकर बेरहमी से पीटा गया और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

