राजधानी भोपाल के वीआईपी क्षेत्र 74 बंगला के पास मंगलवार को एक सड़क हादसे में कांग्रेस विधायक विपिन जैन घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने के विरोध में आयोजित धरना स्थल पर जाते समय उनका ई-ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में विधायक विपिन जैन के सिर में चोट लगी, जिससे खून बहने लगा। उनके साथ मौजूद पीएसओ भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने विधायक के सिर पर टांके लगाए हैं। राहत की बात यह है कि विधायक और उनके पीएसओ दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही कई कांग्रेस नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।

