दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24 HRS फिटनेस जिम पर गुरुवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने जिम के शीशों पर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
फायरिंग की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने ली है। उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश जारी कर दावा किया कि यह जिम सिंगर Guru Randhawa से जुड़ा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

डीसीपी आउटर के मुताबिक, शुरुआती जांच में दो हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि अब तक जिम और गुरु रंधावा के बीच कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। जांच जारी है।

