उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। झड़ीपानी-कोलुखेत शॉर्टकट रोड पर एक कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार सड़क किनारे एक दुकान पर रुकी थी। सामान खरीदने के बाद जैसे ही यात्री कार में बैठे, वाहन अचानक तेज ढलान पर अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगा और गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही

पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीत, गाजियाबाद की सविता और दिल्ली की संगीता की मौत हो गई। शुरुआती जांच में कार के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पहाड़ी सड़कों पर वाहन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

