धनबाद के घनुआडीह चीनकोठी बस्ती के समीप सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने ओवरबर्डन यानी ओबी डंपिंग का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और कंपनी समर्थकों पर मारपीट तथा हवाई फायरिंग का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के पास ओबी डंपिंग की जा रही थी, जिसका विरोध करने पर करीब 30 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। घटना में एक ग्रामीण के घायल होने की भी बात कही जा रही है।

सूचना मिलने पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह और घनुआडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। मेयर ने कहा कि मामले पर उच्चस्तरीय बैठक होने तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग और किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है

