धनबाद के झरिया विधानसभा क्षेत्र स्थित घनुआडीह कुम्हार पट्टी में सांसद ढुल्लू महतो ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने एटी देवप्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी पर उत्पीड़न और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि जलावन के लिए थोड़ी मात्रा में कोयला लाने पर उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एक वैकल्पिक सड़क के जरिए प्रतिदिन सैकड़ों ट्रकों से अवैध कोयले का परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सांसद ढूलू महतो ने मौके पर ही बीसीसीएल के महाप्रबंधक से बात कर मामले की जांच की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने कोल इंडिया के चेयरमैन पीएम प्रसाद को वीडियो भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया। सांसद ने कहा कि गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

